Hamara Hathras

Latest News

 

हाथरस 02 जुलाई । सासनी क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति सहित आठ ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता निदा वानो ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका निकाह 30 अप्रैल 2023 को सासनी निवासी नईमुद्दीन के साथ हुआ था। उसके अनुसार, विवाह में उसके पिता ने प्लॉट बेचकर करीब 12.50 लाख रुपये खर्च किए थे तथा बुलेट बाइक, दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी दिए थे।

विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा उसे भूखा-प्यासा रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसकी सास ने कथित रूप से दूध में दवा मिलाकर पिला दी, जिससे उसका दो माह का गर्भ गिर गया। पीड़िता का यह भी कहना है कि दोबारा गर्भवती होने पर भी गर्भस्थ शिशु को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। पीड़िता के अनुसार, 19 सितंबर 2025 को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसके पिता उसे अस्पताल ले गए। उसका दावा है कि लगातार प्रताड़ना के कारण उसे हृदय संबंधी बीमारी हो गई और चिकित्सकों ने हृदय का वाल्व बदलने की सलाह दी है। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि 31 मार्च 2026 को उसके पति ने नवजात बच्ची को लेकर संदेह जताते हुए उसके भाई नवेद पर चाकू से हमला कर दिया। बताया गया कि थाना सासनी में करीब दो माह तक समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन सहमति नहीं बनने पर पीड़िता ने 6 जून 2026 को महिला थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page