हाथरस 02 जुलाई । उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) का तीन दिवसीय आयोजन आज जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गया। तीन दिनों में कुल पांच पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 18,600 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के पहले दिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, वहीं शहर में दिनभर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रही। बागला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले 10 अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। इनमें एक महिला अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के बाहर फूट-फूटकर रो पड़ी। उसने बताया कि वह ट्रैफिक जाम में फंस गई थी और मात्र दो मिनट की देरी से केंद्र पहुंची, जिसके कारण उसे परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिल सका। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुरुष अभ्यर्थियों की जूते और मोजे उतरवाकर गहन जांच की गई, जबकि महिला अभ्यर्थियों के आभूषण उतरवाकर सुरक्षा जांच कराई गई। इसके बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के चलते शहर में वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों और परीक्षार्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस ने जाम को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ अधिक होने के कारण यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा।

यूपी टेट परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में 3720 अभ्यार्थियों में से 3220 अभ्यार्थियों की उपस्थिति रहे, वहीं 500 अभ्यार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि द्वितीय पाली में 3720 अभ्यार्थी में से 3219 अभ्यार्थियों की उपस्थिति रही, जबकि 501 अभ्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह से मुस्तैद रहा । परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रत्येक पाली में 3,720 अभ्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन दो, तीन और चार जुलाई को होगा। दो और तीन जुलाई को सुबह और शाम दो-दो पालियों में परीक्षा होगी, जबकि चार जुलाई को केवल एक पाली में परीक्षा होगी। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई। अभ्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा प्रवेश पत्र के साथ वैध फोटो पहचान पत्र लाने के निर्देश दिए गए । महिला अभ्यार्थियों की चूड़ी, पायल, हेयरपिन, सोने की चेन उतरवा दी गई। इसके बाद उन्हें एंट्री दी गई। पुरुष अभ्यार्थियों के गमछे, टोपी और बेल्ट बाहर रखवा लिए गए। शर्ट के फोल्ड हैंड को खुलवाकर ही अंदर जाने दिया गया। लड़कियों के बाल के जूड़े तक खुलवा दिए गए।






















