Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 जून । एक महिला के शारीरिक शोषण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के आदेश पर की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान सहपऊ थाना क्षेत्र के युवक से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया, जिसके बाद वह अपने एक बच्चे के साथ उसके साथ रहने लगी। साथ रहने के दौरान आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। दोनों पिछले लगभग 4-5 माह से आगरा रोड स्थित एक मकान में रह रहे थे। महिला ने आरोप लगाया है कि 21 जून को आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो वह अपने प्रभाव और पैसे के बल पर उसे और उसके बच्चे को नुकसान पहुंचा देगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और महिलाओं को झांसे में लेकर उनका शोषण करता है। खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि आरोपी कमलकांत उर्फ भोला निवासी थाना सहपऊ के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page