Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 जून। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिला संचालन समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विचारार्थ प्रस्तुत आवेदनों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, लंबित प्रकरणों, स्वीकृत मामलों तथा भुगतान की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा बैठक में कुल 16 प्रकरणों पर समिति द्वारा विचार-विमर्श किया गया। समिति की सर्वसम्मति तथा शासनादेश में निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने पर 8 प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं 1 प्रकरण को पुनः विचाराधीन रखा गया, जबकि 7 प्रकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर समिति द्वारा सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया गया।\ अपर जिलाधिकारी ने लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों को पूरी गंभीरता के साथ लिया जाए, ताकि पीड़िताओं को समय पर न्याय मिल सके और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संयुक्त निदेशक अभियोजन सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page