Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज हाथरस के सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में आयोजित जनसभा के दौरान जनपदवासियों को 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने जनपद के स्थानीय उत्पादों से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन कर उनके बारे में जानकारी भी प्राप्त की। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने ब्रज की पावन भूमि हाथरस को नमन किया। उन्होंने कहा कि हाथरस देश-विदेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान, बलदाऊ जी की पावन भूमि, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा हींग के व्यापार के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने प्रसिद्ध हास्य कवि काका हाथरसी का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न कोई दंगा हुआ और न ही किसी शहर में कर्फ्यू लगाने की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने कहा कि सभी पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहे हैं तथा हाल ही में मुहर्रम का आयोजन भी पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने घोषणा की कि हाथरस में मेडिकल कॉलेज और सिकंदराराऊ में बस स्टैंड के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराई जा रही है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री आज कुछ योजनाओं के लाभार्थियों को भी चेक वितरित भी किया ।

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा का माहौल रहता था। उनके अनुसार उस समय बेटियां और व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे तथा कानून व्यवस्था कमजोर होने के कारण निवेश और विकास भी प्रभावित होता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था में सुधार होने से प्रदेश निवेश और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में मुहर्रम के दौरान प्रदेशभर में लगभग 12 हजार ताजिया जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा या कर्फ्यू जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पहले जुलूसों के दौरान मार्गों में अवरोध हटाने जैसी समस्याएं सामने आती थीं, जबकि अब व्यवस्थाएं बेहतर हुई हैं और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था ही विकास का आधार है। इसी क्रम में उन्होंने हाथरस को औद्योगिक विकास का उभरता केंद्र बताते हुए कहा कि यहां फूड प्रोसेसिंग सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिससे विशेष रूप से आलू उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के विस्तार से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ परिवहन लागत में भी कमी आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के सभी जिलों, विकासखंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति त्योहारों और उत्सवों के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास और भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है और यह परिवर्तन विकास तथा सुशासन का उदाहरण है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। मंच पर सांसद अनूप प्रधान, हाथरस विधायक अंजुला माहौर, सिकन्दराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह के अलावा डीएम-एसपी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page