Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 जून । जनपद  में 23 जून को औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर में प्रस्तावित माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VAST एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज  को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ब्रीफिंग भी की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, मंच, जनसभा स्थल तथा सम्पूर्ण पंडाल का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपस्थित मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर पूरी सतर्कता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी के दौरान शालीन एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने तथा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसके अलावा रूफटॉप ड्यूटी, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था तथा आवागमन मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत प्वाइंट-टू-प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्व में ही अपने ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण कर लें तथा रूट व्यवस्था में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात संचालन, रूट डायवर्जन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय मुख्यमंत्री के जनपद से प्रस्थान करने के उपरांत ही ड्यूटी में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी स्थल छोड़ेंगे। निरीक्षण के दौरान मंच क्षेत्र, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, मीडिया गैलरी, लोकार्पण एवं शिलान्यास स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन सेवाओं तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसामान्य की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए कुल 1510 अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 8 क्षेत्राधिकारी, 48 निरीक्षक, 244 उपनिरीक्षक, 23 महिला उपनिरीक्षक, 967 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 176 महिला मुख्य आरक्षी/महिला आरक्षी, 09 यातायात उपनिरीक्षक तथा 31 यातायात मुख्य आरक्षी/आरक्षी शामिल हैं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से माननीय मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page