हाथरस 21 जून। जिला कांग्रेस कमेटी हाथरस के अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने सादाबाद क्षेत्र के बिसावर पहुंचकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी पुष्पेंद्र फौजदार के परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा आग की घटना से हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त की।
गौरतलब है कि हाल ही में पुष्पेंद्र फौजदार के घर एवं दुकानों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। इस अग्निकांड में उनकी टेंट एवं जूते की दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जबकि मकान को भी गंभीर क्षति पहुंची है। इस हादसे से परिवार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। स्थिति को और अधिक गंभीर बनाते हुए श्री फौजदार की दो बेटियों का विवाह आगामी 6 जुलाई को होना है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई इस दुर्घटना ने परिवार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बताया गया कि घटना के बाद अब तक प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी पीड़ित परिवार की सहायता के लिए नहीं पहुंचा है। इस अवसर पर पं. विवेक उपाध्याय ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा उन्हें उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे परिवार इस संकट की घड़ी से उबर सके और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करनी चाहिए। इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष हाथरस अशोक गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल एवं जिला महासचिव कृष्ण एडवोकेट सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


























