
हाथरस 17 जून। अहमदाबाद में आयोजित पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस में मुख्य आरक्षी के पद पर कार्यरत ठाकुर रितु पौरुष ने देश और जनपद का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति की टीम ने ग्राम नहरोई स्थित उनके आवास पर पहुंचकर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान रितु पौरुष को पगड़ी एवं पटका पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा राधा-कृष्ण की सुंदर छवि भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उनके स्वर्णिम प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि रितु पौरुष की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष, जिला उपाध्यक्ष मनीष उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छूने का आशीर्वाद दिया।





















