Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 जून । कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला नाई का नगला में शराब के नशे में धुत कुछ युवकों का तांडव देखने को मिला है। यहाँ आपस में लड़ रहे युवकों को समझाने और बीच-बचाव करने गई एक युवती पर शराबियों ने जानलेवा हमला कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस पथराव की चपेट में आकर आसपास के कई अन्य राहगीर भी घायल हो गए हैं।

समझाने पर भड़के शराबी, लात-घूंसों से की पिटाई

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नाई का नगला में एक दुकान के बाहर कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर आपस में किसी बात पर गाली-गलौज और झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान वहां पास में बैठी एक युवती ने इंसानियत के नाते दोनों पक्षों को रोकने और समझाने का प्रयास किया। युवती ने उनसे शांति बनाए रखने और वहां से चले जाने को कहा। आरोप है कि नशे में धुत आरोपितों को युवती का यह बीच में बोलना बेहद नागवार गुजरा। इसके बाद उन सिरफिरे युवकों ने युवती को ही अपना निशाना बना लिया और उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।

सड़क पर हुआ पथराव, मची अफरा-तफरी

युवती को बेरहमी से पिटता देख जब अन्य लोग बचाने दौड़े, तो दोनों ओर से माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। बाजार के बीचो-बीच हुए इस पथराव से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जिसके कारण लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह साहस दिखाकर मामला शांत कराया और लहूलुहान हालत में घायल युवती को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

वीडियो के आधार पर दंगाइयों की पहचान में जुटी पुलिस

सरेआम हुए इस उपद्रव की सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित (वायरल) हो रहा है, जिसमें युवक उपद्रव करते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इसी वीडियो फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच की है। घटना का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसका संज्ञान ले लिया गया है और वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में सख्त मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page