
सिकंदराराऊ 05 जून । कोतवाली क्षेत्र से गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की सुबह सकुशल अपने घर लौट आई है। घर लौटने के बाद किशोरी ने पुलिस को जो बयान दिए हैं, उसने मामले को पूरी तरह पलट दिया है। किशोरी के मुताबिक, वह किसी के साथ गई नहीं थी, बल्कि मोहल्ले के कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ के प्रयास से घबराकर अपनी जान बचाने के लिए घर से भागी थी। पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने बताया कि गुरुवार की रात वह दूध लेने के लिए मोहल्ले की ही एक दुकान पर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ मनचले युवकों ने उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से वह बुरी तरह डर गई। क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण खुद को सुरक्षित करने के लिए वह वहां से उल्टे पैर भाग निकली। किशोरी का आरोप है कि जब वह भाग रही थी, तब उसने पीछे से कुछ युवकों को चिल्लाते हुए सुना कि “सचिन, लड़की को पकड़ो”। यह सुनकर उसका डर और अधिक बढ़ गया और वह लगातार दौड़ते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच गई। अत्यधिक भय और घबराहट के कारण उसने पूरी रात रेलवे स्टेशन के आसपास ही छिपकर बिताई और शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे किसी तरह अपने घर वापस लौटी।
गौरतलब है कि गुरुवार रात जब किशोरी घर नहीं पहुंची, तो परिजनों में कोहराम मच गया था। परिजनों ने मोहल्ले के ही एक नामजद युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी थी। हालांकि, अब किशोरी के सकुशल मिलने और उसके बयानों के बाद पुलिस ने मामले की जांच की दिशा बदल दी है और नए सिरे से तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बरामद किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) और आवश्यक कानूनी लिखापढ़ी पूरी करने के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में दर्ज होने वाले किशोरी के विस्तृत बयानों के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक (कोतवाली) सिकंदराराऊ शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से बेहद गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। किशोरी के प्रारंभिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। क्षेत्र में पूरी तरह शांति है, हमारा आम जनता से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।





















