
हाथरस 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर पर्यावरण सुरक्षा संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पर्यावरणविद् भवतोष मिश्र के नेतृत्व में एक अनूठा और सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका मार्केट स्थित एकता मेडिकल स्टोर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने पौधों से युक्त गमलों में रक्षा सूत्र (मौली) बांधकर वृक्षों की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया। इसके साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए तुलसी के पौधे और कपड़े के थैले भी निशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला केमिस्ट व ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दाऊदयाल शर्मा ने की तथा संयोजन स्वयं पर्यावरणविद् भवतोष मिश्र ने किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता भवतोष मिश्र ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति मूल रूप से पर्यावरण का संरक्षण करने वाली है। सनातन संस्कृति में जहां आंवला, पीपल, तुलसी, केला आदि वृक्षों को पूजने की गौरवशाली परंपरा है, वहीं गंगा-यमुना जैसी नदियों, पृथ्वी व गाय को माता का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा जल, सूर्य और चंद्रमा को देवता मानकर सम्मान दिया जाता है। उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि हर व्यक्ति को सांस लेने के लिए ऑक्सीजन की जरूरत होती है। इसलिए प्राणवायु देने वाले वृक्षों को लगाने, उन्हें बचाने और जल संरक्षण के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहने या उससे अपेक्षा करने की बजाय, हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण हेतु अपना फर्ज निभाने के लिए खुद आगे आना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से पॉलीथिन का पूरी तरह बहिष्कार कर कपड़े का थैला अपनाने का पुरजोर आह्वान किया।
पर्यावरण जागरूकता के इस कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी व व्यापारी नेता संदीप दीपक, व्यापारी नेता हरि मोहन शर्मा ‘गुरुजी’, दीप इंटर कॉलेज मेंडू के डायरेक्टर देवेंद्र आर्य, मनीष पचौरी, मोहन शर्मा, नरेंद्र तिवारी ‘शीलू’, संतोष चौहान, रविकांत पाठक, संजय शर्मा, अंकित अग्रवाल, समीर, ओमवीर सिंह और वैभव मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया।
























