Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 जून । आगरा रोड स्थित एमजी पॉलिटेक्निक के पीछे संचालित शहर के एसआरबी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘आईआईटी जेईई एडवांस्ड’ एवं ‘जेईई मेंस’ में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के इन प्रतिभाशाली छात्रों ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त करने के साथ-साथ देश स्तर की इस प्रतियोगी परीक्षा में भी बाजी मारकर अपने विद्यालय, माता-पिता और पूरे हाथरस जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस गौरवशाली उपलब्धि में विद्यालय के होनहार छात्र अरिंजय गर्ग ने जेईई मेंस में 99.17 परसेंटाइल का शानदार स्कोर खड़ा किया और इसके बाद जेईई एडवांस्ड परीक्षा में देश भर में 4110वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा को साबित किया। इसी क्रम में संस्थान के एक और मेधावी छात्र अर्चित सिंह ने जेईई मेंस में 98.16 परसेंटाइल प्राप्त करते हुए जेईई एडवांस्ड में 10830वीं रैंक अर्जित कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

इन दोनों छात्रों की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे स्कूल परिसर और छात्रों के परिवारों में हर्ष, उल्लास और जश्न का माहौल बना हुआ है। इन मुख्य सफलताओं के अलावा विद्यालय के कई अन्य प्रतिभाशाली छात्रों ने भी जेईई मेंस परीक्षा में अपना शानदार हुनर दिखाया है। इनमें यश अग्रवाल ने 97.80 परसेंटाइल, माधव अग्रवाल ने 97.60 परसेंटाइल, दीपांशु सिंह ने 97.36 परसेंटाइल और मयंक अग्रवाल ने 96.80 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उल्लेखनीय है कि एसआरबी पब्लिक स्कूल से प्रतिवर्ष इसी प्रकार मेधावी छात्र-छात्राएं देश के शीर्ष इंजीनियरिंग (आईआईटी/एनआईटी) एवं मेडिकल संस्थानों में प्रवेश पा रहे हैं, जो विद्यालय प्रबंधन की उत्कृष्ट शिक्षण शैली और शिक्षकों के अथक प्रयासों का ही परिणाम है। विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी सफलता पर स्कूल के प्रधानाचार्य जीडी शर्मा ने सभी सफल छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षक शिक्षिकाओं को बधाई दी। उन्होंने इस स्वर्णिम सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अटूट लगन, एकाग्रता, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन तथा माता-पिता के निरंतर सहयोग को दिया। प्रधानाचार्य ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि ये होनहार विद्यार्थी आने वाले भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे और हाथरस का नाम हमेशा रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page