Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 29 मई । अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच क्षेत्र में गैस उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कस्बा पुरदिलनगर-भरतपुर मार्ग स्थित भारत गैस संयंत्र से संबद्ध मयंक भारत गैस सर्विस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने अतिरिक्त शुल्क वसूली एवं मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में गैस उपभोक्ता एजेंसी के पास एकत्र हुए और आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर रिफिल के लिए निर्धारित 926 रुपये के बजाय 930 रुपये वसूले जा रहे हैं। इसके अलावा केवाईसी के नाम पर 250 से 350 रुपये तक लिए जाने का भी आरोप लगाया गया। उपभोक्ताओं ने बताया कि पूर्व में हसायन कस्बे में काउंटर होने के बावजूद उन्हें गैस लेने के लिए एजेंसी संचालक के गांव नगला बरी पट्टी देवरी स्थित गोदाम तक जाना पड़ता था। कई शिकायतों के बाद एजेंसी पर वितरण शुरू हुआ, लेकिन अब भी लोगों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ता संतोष कुमार निवासी नगला दली ने बताया कि उन्होंने 16 मई को गैस बुक कराई थी, लेकिन कई बार एजेंसी पर आने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। वहीं मोनू नामक उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि उससे केवाईसी के नाम पर 300 रुपये लिए गए, इसके बाद भी गैस कनेक्शन चालू कराने के नाम पर दोबारा पैसे मांगे जा रहे हैं।

ललित कुमार निवासी ढडौली ने बताया कि उनसे सिलेंडर के लिए 1000 रुपये लेकर केवल 70 रुपये वापस किए गए, जबकि मोबाइल पर 926 रुपये का संदेश आया था। अन्य उपभोक्ताओं ने भी इसी प्रकार अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया। रामसिंह निवासी नगला अडू के पुत्र ने बताया कि गैस बुकिंग के बाद कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिला। शिकायत करने पर पूर्ति विभाग के कार्यवाहक पूर्ति निरीक्षक को जानकारी दी गई, लेकिन समाधान के बजाय एजेंसी संचालक द्वारा फोन कर कथित रूप से धमकाया गया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक की मनमानी एवं विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण उनका आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कार्यवाहक पूर्ति निरीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं गैस एजेंसी संचालक मुकेश कुमार एवं गिरीश कुमार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता से निर्धारित राशि से अधिक धन नहीं लिया जा रहा है तथा सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page