Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 मई । उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कैलोरा चौराहा स्थित ठाकुर मलखान सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए जनपद हाथरस में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए जनपदवासियों को करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में मंत्री जयवीर सिंह एवं सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि का जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुके भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी मंत्री जी का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह द्वारा कुल 1024.70 लाख रुपये लागत की 09 पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें विकास भवन स्थित पर्यटन केंद्र निर्माण, मूढ़ा वाली माता मंदिर, दाऊजी महाराज मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, उदय सिंह की कचहरी परिसर में लैंडस्केपिंग एवं जनसुविधा कार्य, गंगागढ़ी स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर, सिद्धपीठ परसरा तीर्थभूमि, ढकपुरा मंदिर (स्वर्ग आश्रम) तथा काली माई मंदिर के पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 308.80 लाख रुपये लागत की 04 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें ग्राम नगला अहीर स्थित शिव मंदिर, विसाना माता तारागढ़ मंदिर, सादाबाद स्थित दाऊजी महाराज मंदिर तथा सिकंद्राराऊ के प्राचीन वाल्मीकि मंदिर में बहुउद्देशीय हॉल, सुलभ प्रसाधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 725 लाख रुपये की नई पर्यटन विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। इन योजनाओं के अंतर्गत हाथरस, सिकंद्राराऊ एवं सादाबाद क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर बहुउद्देशीय हॉल, सोलर लाइट, पेयजल, यात्री शेड, इंटरलॉकिंग पाथवे एवं अन्य जनसुविधाओं का विकास कराया जाएगा। साथ ही परसारा स्थित परशुराम आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य हेतु भी धनराशि स्वीकृत की गई।

अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, विकास, निवेश, पर्यटन एवं सुशासन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा एक्सप्रेस-वे, एयर कनेक्टिविटी एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मंत्री जी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई विकास योजनाओं की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि एवं विधायकगणों ने मंत्री जयवीर सिंह का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से हाथरस में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिली है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद प्रशासन पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएगा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अलीगढ़, जिला पर्यटन अधिकारी सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page