
हाथरस 26 मई । मेडू कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते सोमवार देर रात एक युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना में 31 वर्षीय नीरज पुत्र बिशन स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके हाथ में लगी है। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार होकर आए आरोपियों ने नीरज को घेर लिया और तमंचे से उस पर फायरिंग कर दी। नीरज ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गोली उसके हाथ में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। ललित शर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।
























