Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 19 मई । क्षेत्र के गांव पुसैनी में दलित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने गांव के सात लोगों पर मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को करीब पांच घंटे तक नहीं उठने दिया। सूचना पर भीम आर्मी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। मृतक के परिजन राजकुमार सागर ने कोतवाली सादाबाद में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह गांव के जीतू ने उनके चचेरे भाई पंकज को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसके बाद जीतू, शैलेंद्र, छोटे और शिवा पंकज को अपने साथ ले गए और उसे कोई नशीला अथवा जहरीला पदार्थ पिला दिया। जब वह अचेत हो गया तो उसे घर छोड़ दिया गया। परिजनों का आरोप है कि बाद में राकेश, आशा और चित्रा ने उसकी सांसें चलते देख कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में गांव की दो महिलाओं ने आरोपियों को मृतक के घर से निकलते हुए देखने की बात कही है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और महिला पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। क्षेत्राधिकारी ए. एम. अस्थाना ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page