
हाथरस 18 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित किंदौली नहर में सोमवार को एक युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 34 वर्षीय पप्पन पुत्र राजवीर निवासी जलेसर रोड, हाथरस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पप्पन एक मुरब्बा फैक्ट्री में काम करता था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार पप्पन सोमवार सुबह फैक्ट्री जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद उसका शव नहर में मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतक के भाई ने अपने भाई की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। इस संबंध में कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





















