
हाथरस 18 मई । सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव जिमिसपुर में खेत की जुताई करने गए किसान पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने किसान के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया और धारदार हथियार से ट्रैक्टर का पिछला पहिया फाड़ दिया। पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जिमिसपुर निवासी रामवकील ने थाना सिकंदराराऊ में दी तहरीर में बताया कि 17 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह ट्रैक्टर लेकर अपने खेत की जुताई करने गए थे। आरोप है कि खेत पर पहले से घात लगाए बैठे रामसेवक, उसके पुत्र दिनेश, विनीत, मोहित तथा दो अन्य लोगों ने उन्हें खेत जोतने से रोक दिया। पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने कहा कि यह उनका खेत है और वे जुताई करेंगे, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। आरोपियों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके ट्रैक्टर का पिछला पहिया भी फाड़ दिया। रामवकील के पुत्र पुष्पेंद्र ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी आरोपी उनके साथ मारपीट करते रहे। उन्होंने बताया कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है। पुलिस ने रामवकील की तहरीर के आधार पर रामसेवक, दिनेश, विनीत, मोहित और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जानलेवा हमला और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।





















