
हाथरस 18 मई। जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से आज एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने ऑनलाइन दवा व्यापार का विरोध करते हुए इसे जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हानिकारक बताया। साथ ही, 20 मई को प्रस्तावित दवा व्यापार बंद का विरोध करते हुए जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपनी दुकानें सामान्य रूप से खुली रखने की अपील की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दाऊदयाल शर्मा ने की, जबकि संचालन महामंत्री अमित पाराशर ने किया। प्रेसवार्ता के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से दवा वितरण प्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका मानना है कि दवा जैसी संवेदनशील और जीवनरक्षक वस्तु की बिक्री में स्थानीय दवा विक्रेताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिलाध्यक्ष दाऊदयाल शर्मा ने कहा कि कुछ स्वयंभू नेताओं द्वारा 20 मई को बुलाए गए दवा व्यापार बंद का एसोसिएशन समर्थन नहीं करता। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा एक जीवन रक्षक वस्तु है और इसकी बिक्री किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं की जानी चाहिए। जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपनी दुकानें नियमित समय पर खोलने की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी दवा व्यापारियों ने इस अपील का समर्थन करते हुए 20 मई को मेडिकल स्टोर खुले रखने का आश्वासन दिया। प्रेसवार्ता में हाथरस नगर, मुरसान, सादाबाद, सासनी, सिकंद्राराऊ, मानिकपुर और चंदपा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर संचालक एवं दवा व्यापारी उपस्थित रहे।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















