दो माह से मानदेय न मिलने पर एनएचएम संविदा कर्मचारियों में आक्रोश, 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
हाथरस (मुरसान) 13 मई । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों को मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक न मिलने से कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। National Health Mission के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों के संगठन उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने 20 मई तक भुगतान न होने पर 21 मई से कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को जिला कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सतीश के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। संघ ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और बच्चों की फीस, किताबें तथा अन्य आवश्यक खर्चों के लिए कर्मचारियों को तत्काल धन की आवश्यकता है। मानदेय न मिलने के कारण अनेक कर्मचारी बच्चों की पढ़ाई और घरेलू खर्चों का वहन करने में कठिनाई का सामना कर रहे हैं। संघ का कहना है कि समस्या को लेकर लगातार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 20 मई 2026 तक मार्च और अप्रैल का लंबित मानदेय जारी नहीं किया गया, तो 21 मई से जनपद के सभी एनएचएम संविदा कर्मचारी प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर कार्य बहिष्कार करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, भारतीय मजदूर संघ के जिला पदाधिकारियों तथा संघ के प्रांतीय अध्यक्ष और महामंत्री को भी प्रेषित की गई है।
























