
सिकंदराराऊ 12 मई । नगर के मोहल्ला मटकोटा में मंगलवार को करंट लगने से एक 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला मटकोटा निवासी शंभू दयाल शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र विख्यात शर्मा घर पर दरवाजे की कुंडी लगा रहे थे। इसी दौरान विद्युत तार में करंट आ जाने से वे उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना होते ही परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ पहुंचने पर डॉक्टरों ने विख्यात को मृत घोषित कर दिया। किशोर की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ घर पर जुट गई। विख्यात शर्मा की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विद्युत सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया है।


























