Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 मई । क्षेत्र के कुंजलपुर गांव के चार बच्चों समेत 6 किशोर-किशोरियां मंगलवार को आगरा में यमुना नदी में डूब गए। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो को सुरक्षित बचा लिया गया। यह दर्दनाक हादसा बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना घाट पर हुआ, जहां सभी बच्चे जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद नहाने गए थे। घटना के बाद कुंजलपुर गांव समेत परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित विद्यापुरम निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था। समारोह में शामिल होने के लिए क्षेत्र के कुंजलपुर गांव निवासी महक पुत्री कालीचरण, अंशु पुत्र कालीचरण और कान्हा पुत्र रिंकू सिंह पहुंचे थे। इनके अलावा रिया पुत्री मनोज निवासी तारसी थाना हाईवे, मथुरा तथा विक्की पुत्र राकेश भी समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीषण गर्मी के चलते सभी बच्चे आगरा के बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस, गोताखोर और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद महक, अंशु, कान्हा, रिया और काजल को नदी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में महक, कान्हा और रिया को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं काजल और अंशु को सुरक्षित बचा लिया गया। उधर 11 वर्षीय विक्की का काफी देर तक पता नहीं चल सका। पुलिस और गोताखोरों ने करीब पांच घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। हादसे में कुल चार बच्चों की मौत हो गई। मृतक महक अपने पिता कालीचरण की पांच संतानों में तीसरे नंबर की बेटी थी। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। वहीं कान्हा के पिता रिंकू उर्फ आकाश की करीब नौ महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। परिवार ने बड़ी मुश्किलों के बीच बच्चों की परवरिश की थी। वहीं विक्की के पिता राकेश ने बताया कि उनके चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों से बेटा हुआ था। उन्होंने रोते हुए कहा कि परिवार बिना बताए बच्चे यमुना में नहाने चले गए थे और अब उनका इकलौता बेटा भी उनसे छिन गया।प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान कान्हा ने कुछ बच्चों को बाहर खींचकर बचाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद भी डूब गया। काजल भी बचाने गई थी, जो किसी तरह बाहर निकल आई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। घाट पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। कुंजलपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि यमुना नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत हुई है, जबकि दो को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page