Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 मई । तहसील-कोतवाली मार्ग पर सोमवार दोपहर स्कूलों की छुट्टी के समय भारी जाम लग गया। इससे छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह मार्ग नगर के तीन विद्यालयों से जुड़ा होने के कारण दोपहर के समय अत्यधिक व्यस्त रहता है। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे तहसील से बस स्टैंड की ओर जाने वाले और बस स्टैंड से तहसील की ओर आने वाले वाहनों के साथ-साथ विद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र और वाहन निकल रहे थे। इसी दौरान तिराहे पर एक कार और ई-रिक्शा तिरछे तरीके से फंस गए, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। स्कूलों की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर फंस गए। तेज धूप और गर्मी के बीच छोटे बच्चों को काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। कई अभिभावकों को भी अपने बच्चों के साथ परेशानी झेलनी पड़ी। जाम के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जाम के दौरान डायल 112 की एक पुलिस गाड़ी भी मौके पर फंस गई थी। हालांकि, उसमें मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहन से उतरकर यातायात व्यवस्था संभालने या जाम खुलवाने का कोई प्रयास नहीं किया। इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि समय रहते यातायात नियंत्रित किया जाता तो स्थिति इतनी खराब नहीं होती। नगरवासियों का कहना है कि तहसील-कोतवाली मार्ग पर प्रतिदिन स्कूलों की छुट्टी के समय ऐसी ही स्थिति बनी रहती है। मार्ग संकरा होने और अव्यवस्थित वाहन संचालन के कारण आए दिन जाम लगता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालयों के अवकाश के समय पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page