
हाथरस 06 मई । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुरसान पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। बीती 12 मार्च 2026 को मथुरा निवासी शकील पुत्र सुखवीर ने थाना मुरसान पर सूचना दी थी कि 7 फरवरी को वह ग्राम नौहरा में एक रिश्तेदार के दाह संस्कार में शामिल होने आया था। रात में उसने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल (UP85CU 2038) रिश्तेदार के घर के बाहर खड़ी की थी, जो चोरी हो गई। जाँच और पूछताछ में सामने आया कि स्थानीय निवासी विक्रम ने मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे वापस करने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी। वादी की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अरविन्द सक्सैना के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोनू पुत्र नब्बो उर्फ नबाब सिंह (निवासी सेमरीताल, आगरा) को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल पूर्व में ही बरामद की जा चुकी है।


























