
हाथरस 06 मई । विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति दुर्गावाहिनी द्वारा सीता नवमी के पावन अवसर पर सासनी गेट स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और नारी शक्ति के वास्तविक गौरव से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित दुर्गावाहिनी की जिला संयोजिका महक रावत ने माँ जानकी के आदर्श जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को बताया कि माँ सीता त्याग, समर्पण, धैर्य और अटूट आत्मबल की प्रतिमूर्ति हैं। उनका जीवन मात्र एक कथा नहीं, बल्कि प्रत्येक नारी के लिए कठिन परिस्थितियों में अडिग रहने की प्रेरणा है। उन्होंने जोर दिया कि वर्तमान समय में छात्राओं को माँ सीता के पदचिह्नों पर चलकर संस्कारित और अनुशासित जीवन जीना चाहिए। कार्यक्रम आयोजिका एवं जिला सह संयोजिका प्रियांशी वार्ष्णेय के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र के दौरान छात्राओं ने अपनी संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा ने दुर्गावाहिनी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी जड़ों के प्रति सम्मान बढ़ता है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से समस्त शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति और सनातन चेतना के जयकारों से गुंजायमान रहा।


























