Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06  मई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित माधव प्रेक्षा गृह में जनपद के थानों पर नवनियुक्त महिला आरक्षियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी की। इस दौरान एसपी ने महिला पुलिस कर्मियों को मिशन शक्ति, एंटी रोमियो, महिला बीट और सोशल मीडिया की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए और उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति सजग किया। एसपी ने कहा कि “मिशन शक्ति” अभियान महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन के लिए है। महिला आरक्षियों की भूमिका इसमें सबसे अहम है क्योंकि वे पीड़ित महिलाओं से सीधा संवाद कर उन्हें त्वरित सहायता दिला सकती हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि एंटी रोमियो टीमें स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में नियमित गश्त करें और किसी भी प्रकार की अभद्र व्यवहार की घटना पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। बीट व्यवस्था पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक महिला आरक्षी अपने आवंटित क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं से नियमित संपर्क रखें। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों की जानकारी जुटाकर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं ताकि महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े। सोशल मीडिया के उपयोग पर एसपी ने आरक्षियों को इसके सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम है, लेकिन महिला आरक्षियों को फर्जी खबरों, अफवाहों और आपत्तिजनक सामग्री पर निरंतर नजर रखनी होगी और इसकी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देनी होगी। अंत में एसपी ने अपेक्षा की कि सभी नवनियुक्त आरक्षी अपनी कार्यशैली से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं और जनपद में महिला सुरक्षा के संकल्प को साकार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page