
हाथरस 06 मई । अलीगढ़ रोड स्थित नवीन मंडी स्थल पर आज दिनदहाड़े हुई एक दुस्साहसिक चोरी की वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने बेखौफ होकर एक आढ़त की दुकान का ताला तोड़कर वहां रखा करीब 2.70 लाख रुपये से भरा थैला पार कर दिया। इस घटना के बाद से मंडी परिसर के व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीन मंडी स्थल की दुकान संख्या 20 सी में ‘अरुण कुमार व योगेश कुमार’ नाम से फर्म संचालित है। फर्म के स्वामी अरुण कुमार अग्रवाल सुबह करीब 11 बजे अपनी दुकान पर ताला लगाकर किसी काम से ठीक सामने गए थे। महज कुछ ही देर बाद जब वह वापस लौटे, तो दुकान का ताला टूटा हुआ देख उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर से रुपयों का थैला गायब था, जिसमें लगभग दो लाख सत्तर हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी। पीड़ित व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के आढ़तियों और मजदूरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त की कमी के कारण आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि व्यस्त मंडी क्षेत्र में दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोरी होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। फिलहाल पुलिस आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


























