Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 05 मई । आज सुबह अचानक मौसम बदलने से तेज मूसलाधार बारिश हुई। कुछ ही देर की इस बारिश ने नगर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश शुरू होते ही बाजारों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों को अपना सामान बचाने के लिए दुकानों के बाहर रखा सामान समेटना पड़ा। तेज बारिश के कारण नगर की कई गलियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आनंद नगर, सुभाष गली, डाकखाना रोड, आगरा गेट और गौतम नगर सहित नगर के कई इलाकों में पानी भर गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नाले-नालियां ओवरफ्लो हो गए, जिससे गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैल गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से नालियों की ठीक से सफाई नहीं की जा रही है। इसके चलते कचरा और गंदगी जमा हो गई है, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है। जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भारी परेशानी हुई। राहगीरों को पानी से भरी गलियों से गुजरना पड़ा, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पानी घरों के बाहर तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासी अरविंद कुमार, राम सिंह, जनक सिंह और देवेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की स्थानीय स्तर पर अनुपस्थिति के कारण सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि कर्मचारी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं, जिससे स्थिति और खराब हो रही है। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि सभी सफाई कर्मचारियों और जमादारों को नालों और नालियों की नियमित व प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page