Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 05 मई । बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए मंगलवार को सादाबाद इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से होने वाले दुष्प्रभावों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना था। विद्यालय के संचारी रोग प्रभारी धर्मवीर सिंह ने हीट वेव के प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। सिंह ने लू के लक्षणों जैसे तेज बुखार, सूखी त्वचा, तेज धड़कन और भ्रम की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने प्राथमिक उपचार के तहत प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर ठंडा पानी पिलाने, शरीर को ठंडा रखने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में सभी विद्यार्थियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से पर्याप्त पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने और हल्के व सूती कपड़े पहनने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और उन्हें गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर मु. इमरान, राम कैलाश प्रजापति, ब्रजेश कुमार, कपिल गुप्ता, संजयपाल सिंह, कु. शिखा शर्मा, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page