
सासनी 30 अप्रैल।कोतवाली क्षेत्र के गांव छौंड़ा में एक झोलाछाप चिकित्सक की लापरवाही ने 8 वर्षीय मासूम देव पाठक की जान ले ली. बृहस्पतिवार दोपहर को प्रवीन पाठक के पुत्र देव के पेट में अचानक दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उसे नगला गढ़ू चौराहे पर स्थित संजीव क्लीनिक ले गए. वहां झोलाछाप डॉक्टर संजीव कुमार द्वारा इंजेक्शन लगाते ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी. परिजन उसे तत्काल एबीजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई. इसके बाद बदहवास परिजन मासूम को लेकर कोतवाली पहुंचे, जहाँ प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी के हस्तक्षेप के बाद बच्चे को पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया. वहां से जिला अस्पताल रेफर किए जाने पर चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी झोलाछाप क्लीनिक पर ताला लगाकर फरार हो गया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है.

























