हाथरस 30 अप्रैल । दून पब्लिक स्कूल में आज विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें ‘प्रधानाचार्य दिवस’, ‘बुद्ध पूर्णिमा’ एवं ‘मजदूर दिवस’ का संयुक्त रूप से भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा (आईपीएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल द्वारा माँ शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। सरस्वती वंदना से शुरुआत हुई, जिसके बाद छात्रा भूमिका ने बुद्ध पूर्णिमा पर कविता, यशिका राणा ने प्रधानाचार्य दिवस पर विचार और आस्था पाठक ने मजदूर दिवस पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। नृत्य-नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य की कार्यशैली का जीवंत चित्रण प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया । मुख्य अतिथि चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपने संबोधन में विद्यालय के अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अन्य संस्थानों की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन दून स्कूल के विद्यार्थियों के खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं आई, जो विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्था को दर्शाता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यालय की शिक्षिकाओं—रीटा शर्मा, नीलम रावत, मेदिनी कौशिक, गरिमा राठी, छाया मिश्रा, रजनी अरोरा, अवंतिका अवध राय एवं वर्षा माहेश्वरी को उनके समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह क्षण रहा जब विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न विभागों की ओर से प्रधानाचार्य को शुभकामना कार्ड भेंट किए। साथ ही प्रधानाचार्य ने विद्यालय के सहयोगी कर्मचारियों को उपहार देकर उनके योगदान की सराहना की।अपने संबोधन में प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने कहा कि ये तीनों अवसर जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों—नेतृत्व, शांति, करुणा और श्रम के सम्मान—की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। सभा के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी को बुद्ध पूर्णिमा एवं मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए श्रमिक वर्ग और अभिभावकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन छात्रा अवनी सिंह एवं आस्था उपाध्याय ने किया।
























