
हाथरस 19 अप्रैल । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की गिजरौली स्थित ‘श्री गुरुजी’ शाखा द्वारा वार्षिक उत्सव अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में चंदन तिलक लगाए और पूर्ण गणवेश धारण किए स्वयंसेवकों ने योग, व्यायाम, दंड प्रहार और नियुद्ध (कराटे) आदि का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता का परिचय दिया। वार्षिक उत्सव का शुभारंभ जिला प्रचारक जय किशोर एवं नगर संघ चालक डॉ. पी.पी. सिंह ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। मुख्य वक्ता जिला प्रचारक जय किशोर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ की शाखा केवल व्यायाम का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से संस्कारित समाज के निर्माण का लक्ष्य लेकर चल रहा है। हमें स्वदेशी, स्वधर्म, स्वराज, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता को अपने जीवन में उतारकर समाज को भी प्रेरित करना होगा। अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि जहां शाखा होती है, वहां का वातावरण संस्कारित हो जाता है। उन्होंने कुटुम्ब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों पर जोर देते हुए कहा कि समाज में समरसता लाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव प्रताप सिंह ने की तथा संचालन सह नगर कार्यवाह अमित गौतम द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर प्रचारक शिवम, नगर सह शारीरिक प्रमुख विपिन, नगर सह सेवा प्रमुख राजू, शरद तिवारी, रामहरी चाहर, अशोक गौड़, कृष्ण गोपाल, अरविंद और हरेंद्र सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।























