Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 अप्रैल । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव रॉय ने आज जनपद के सासनी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार भी मौजूद रहे। सीएमओ ने सबसे पहले पीएचसी कौमरी (खिटौली) का जायजा लिया, जहाँ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद माहौर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। केंद्र पर साफ-सफाई और गर्मी से बचाव हेतु कूलर-पंखों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। यहाँ 195 दवाओं के सापेक्ष 182 दवाइयां उपलब्ध थीं, जिस पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट को सभी मानक दवाएं पूर्ण करने और स्टॉक रजिस्टर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय तक यहाँ 13 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। इसके पश्चात डॉ. राजीव रॉय ने पीएचसी बसई काजी का निरीक्षण किया, जहाँ डॉ. पावस कुशवाह और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह उपस्थित मिले। यहाँ 22 मरीजों का उपचार किया गया और बीपी, शुगर व मलेरिया की जांचें की जा रही थीं। निरीक्षण के उपरांत सीएमओ ने ग्राम बसई काजी में ग्रामीणों से जनसंपर्क कर गांव की सफाई व्यवस्था का हाल जाना। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए कूलर व फ्रिज की ट्रे साफ रखने और जलभराव न होने देने की सलाह दी। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीण 108 एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाएं और स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध निशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का भरपूर उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page