
हाथरस 13 अप्रैल । जनपद की एसओजी टीम, थाना कोतवाली नगर और थाना सहपऊ पुलिस ने एक संयुक्त कार्यवाही के दौरान पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या में शामिल 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आज अलीगढ़-आगरा बाईपास से नहरोई की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस द्वारा आत्म रक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी शौर्य भारद्वाज और कृष्णा जाटव के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
आपको बता दें कि 6 अप्रैल 2026 की रात को पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा का मकान हड़पने की नीयत से उनकी हत्या कर दी गई थी, जिसके संबंध में मृतक की बहन नीतू शर्मा ने थाना हाथरस गेट पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित पांच टीमों ने इस सनसनीखेज मामले में अब तक त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व 9 अप्रैल को शुभम उर्फ माइटी, 10 अप्रैल को मुठभेड़ के दौरान रुद्र पाठक, वंश दीक्षित, आकाश व ललित और 12 अप्रैल को वंश सोनी को जेल भेजा जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र राघव, प्रभारी मयंक चौधरी और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम की टीम इस पूरे मामले के अनावरण में जुटी रही। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।

























