
हाथरस 13 अप्रैल । महिला थाना में एक पीड़िता ने पति पर तीन तलाक देकर दूसरी शादी करने, उत्पीड़न करने और तीन नाबालिग बच्चों के साथ बेसहारा छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि सास-ससुर ने भी पति का साथ दिया और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। थाना सादाबाद के टावर गली सिटी अस्पताल के पीछे निवासी तारा बेगम पुत्री नफीस ने बताया कि उसका निकाह करीब 25 वर्ष पूर्व नफीस उर्फ शानू निवासी लल्ला की सिटी न्यू मदरसा जलालपुर थाना रोरावर अलीगढ़ के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के बाद उनके पांच संतान हुईं। जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है और तीन नाबालिग बेटे वर्तमान में तारा के साथ रहते हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति नफीस शुरू से ही उसका उत्पीड़न करता आ रहा है। तारा वर्तमान में सादाबाद में किराए के मकान में रहती है। आरोप लगाया कि करीब तीन माह पूर्व नफीस ने उसे “तीन तलाक” कहकर तलाक दे दिया और उसकी मर्जी के बिना रुखसार नाम की महिला से दूसरा निकाह कर लिया। नफीस अब रुखसार के साथ नियती अस्पताल के पीछे कालोनी जैत मथुरा में रह रहा है। पति ने तारा और उसके तीनों नाबालिग बच्चों को बेसहारा छोड़ दिया है। तारा ने बताया कि वह पढ़ी नहीं है और कोई काम नहीं जानती, जिससे वह भुखमरी की कगार पर पहुंच गई है। बच्चों के भरण-पोषण का भी संकट खड़ा हो गया है।

























