हाथरस 13 अप्रैल । अलीगढ़ से ट्रेन द्वारा यात्रा कर रहा एक युवक सासनी स्टेशन के समीप चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरौली निवासी आशिफ पुत्र फैज खान सोमवार को ट्रेन से अलीगढ़ से कहीं जा रहा था। जैसे ही ट्रेन सासनी के निकट पहुँची, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया और चोटिल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने आशिफ का त्वरित उपचार किया। राहत की बात यह रही कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और हालत में सुधार होने पर चिकित्सक ने उसे घर भेज दिया है।

























