Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 अप्रैल । क्षेत्र के रसगवां-आरती मार्ग पर रविवार रात प्रकाश नगर निवासी सचिन सिसोदिया को गोली मार दी गई। बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की, जिससे गोली उनकी बाजू में लगी। घायल सचिन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय सचिन सिसोदिया पुत्र ओम प्रकाश सिसोदिया अपने पैतृक गांव रसगवां से बाइक पर सादाबाद लौट रहे थे। रसगवां और आरती गांव के बीच पहले से घात लगाए बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला किया। गोली लगने से सचिन बाइक से गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सहपऊ थाना पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, बाजू में गोली लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण युवक को आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित पहलुओं पर भी पड़ताल कर रही है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि घटना की पूरी तरह से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने के बाद ही घटना की तह तक पहुंचा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page