
हाथरस 13 अप्रैल । जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने त्रिस्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में अब मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव कर नई समय सारिणी जारी कर दी गई है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूचियों के कंप्यूटरीकरण के पश्चात मतदान केंद्रों का चिह्नांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांक आवंटन, सूची डाउनलोडिंग और फोटो कॉपियां तैयार करने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं 17 मार्च से शुरू होकर 21 अप्रैल तक चलेंगी। इसके उपरांत, 22 अप्रैल को मतदाता सूची का आम जनता के लिए अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य की महत्ता को देखते हुए इस अवधि में पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे ताकि कार्य समय पर पूर्ण हो सके। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संशोधित कार्यक्रम के अनुरूप सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं।





















