
हाथरस 13 अप्रैल । थाना सादाबाद पुलिस ने एक क्लीनिक संचालक को प्रताड़ित करने और गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे एक और नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत, प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह की टीम ने आज अभियुक्त सचिन दीक्षित पुत्र दिनेश दीक्षित (निवासी बुर्ज बाजी) को आगरा रोड स्थित जे.पी. प्लाजा के पास से दबोच लिया। मामला फरवरी 2026 का है, जब वादी डॉ. विनय उपाध्याय ने तहरीर दी थी कि उनके क्लीनिक पर एक मरीज की मृत्यु के बाद अभियुक्तों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और क्लीनिक पर उग्र प्रदर्शन किया। इस मानसिक उत्पीड़न और हंगामे के कारण डॉक्टर की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी, जिनकी बाद में दिल्ली में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस गंभीर मामले में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। इससे पूर्व घटना में शामिल एक अन्य मुख्य अभियुक्त महिपाल सिंह को 9 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब दूसरे अभियुक्त सचिन दीक्षित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। पुलिस टीम अब मामले में शामिल अन्य शेष अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।





















