
हाथरस 12 अप्रैल । थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता ने कासगंज जिले के एक युवक के खिलाफ नामजद शिकायत करते हुए अपनी बेटी की जान को खतरा बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, पीड़ित पिता ने बताया कि बीते 8 अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे कासगंज जनपद के थाना अमापुर अंतर्गत गाँव कुचलपुर निवासी बच्चू उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पिता का आरोप है कि उक्त युवक की नीयत पहले से ही खराब थी और वह पूर्व में भी उनकी बेटी को ले जाने का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय उन्होंने समय रहते रास्ते में ही पकड़कर अपनी बेटी को छुड़ा लिया था। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी युवक उनकी बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है या उसे जान से मार सकता है। तहरीर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसका पूर्ण उत्तरदायित्व आरोपी बच्चू का ही होगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और युवती की सकुशल बरामदगी के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया है।

























