Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 12 अप्रैल । अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने 200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का खाका तैयार कर लिया है। इन परियोजनाओं का विस्तृत विवरण जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को सौंप दिया गया है, जिससे अब इनके शिलान्यास और लोकार्पण की कवायद तेज हो गई है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक मोहित कुमार ने जानकारी दी कि आलमपुर-सांकरा मार्ग पर निचली गंगा नहर पर 15.25 करोड़ की लागत से निर्मित पुल का कार्य पूर्ण हो चुका है और उस पर यातायात भी शुरू हो गया है, जिसका जल्द ही औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा।

भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सेतु निगम ने सात नई बड़ी परियोजनाओं की सूची जारी की है, जिनका शिलान्यास जल्द ही प्रस्तावित है। इन योजनाओं के तहत अलीगढ़ के अतरौली और छर्रा में काली नदी पर 35 करोड़ की लागत से दो नए सेतु बनाए जाएंगे, जबकि कासगंज में कुल 159 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दो विशाल रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निर्माण होगा। इसके साथ ही एटा के अलीगंज में 27.44 करोड़ और हाथरस के सिकंदराराऊ (खिजलपुर माजरा) में 22.42 करोड़ रुपये की लागत से काली नदी पर नए सेतुओं का निर्माण किया जाएगा। इन पुलों और ओवरब्रिजों के बनने से न केवल मंडल के जिलों के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि रेल फाटकों पर लगने वाले जाम से भी जनता को बड़ी राहत मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और आवागमन को नई गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page