हाथरस डिपो को मिलीं दो नई एसी बसें, अब गर्मी में सुहाना होगा यात्रियों का सफर, जल्द शुरू होगा संचालन

हाथरस 12 अप्रैल । भीषण गर्मी के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने लंबे समय बाद हाथरस डिपो को दो नई वातानुकूलित (एसी) बसें आवंटित की हैं। इन बसों के आने से न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक होगा, बल्कि अब उन्हें एसी बसों के लिए दूसरे डिपो की गाड़ियों का इंतज़ार भी नहीं करना पड़ेगा। अब तक हाथरस के यात्रियों को लंबी दूरी या आरामदायक यात्रा के लिए अन्य डिपो की बसों पर निर्भर रहना पड़ता था। स्थानीय डिपो को अपनी बसें मिलने से दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी तय करने वाले मुसाफिरों को बड़ी सुविधा मिलेगी। परिवहन विभाग के अधिकारी इन बसों के लिए सबसे उपयुक्त और अधिक मांग वाले रूटों का चयन करने में जुटे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में इन दोनों बसों को पेंटिंग और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। वहां से आवश्यक कागजी कार्रवाई और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें हाथरस डिपो के बेड़े में शामिल कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसी बसों के चलने से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, जिससे विभाग की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

























