
सादाबाद 12 अप्रैल । क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी भारतीय सेना के हवलदार अजीत कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने पहली राष्ट्रीय स्तरीय नौकायन चैम्पियनशिप 2026 में भारतीय सेना की टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक जवाहर लाल नेहरू इनडोर स्टेडियम, कटक ओडिशा में आयोजित हुई थी। अजीत कुमार, जो मदन मोहन के पुत्र हैं, ने इनडोर रोइंग प्रतियोगिता में अपनी टीम के लिए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने इस दौरान बेहतरीन दमखम, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अजीत कुमार की सफलता की खबर मिलते ही ग्राम रसीदपुर में उत्साह का संचार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि सेना में रहते हुए खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उपलब्धि है। इस अवसर पर अजरूद्दीन फौजी, मदन मोहन, मौसम शर्मा, ओमवीर प्रधान, अवधेश कुमार और मुकेश प्रधान सहित कई ग्रामीणों ने अजीत कुमार को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अजीत की मेहनत और लगन ने रसीदपुर गांव को एक नई पहचान दिलाई है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अजीत कुमार की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सेना की जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

























