Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 अप्रैल । पत्रकार सोनू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आज पुलिस अधीक्षक (SP) चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दिल्ली वाला मोहल्ला पहुंचकर मृतक सोनू की शोकाकुल मां से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि मुख्य आरोपी अभी फरार जरूर है, लेकिन वह जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। पत्रकार सोनू हत्याकांड के बाद से ही शहर के दिल्ली वाला मोहल्ला में दहशत का माहौल बना हुआ था। इस डर को दूर करने के लिए एसपी खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में सासनी और सहपऊ क्षेत्र में दो अलग-अलग मुठभेड़ कीं, जिसमें चार बदमाशों के पैर में गोली लगी और दो अन्य को दबोचा गया। पुलिस ने आज सभी सात आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल कार्तिक गुप्ता और छोटू उर्फ निषाद को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेजा। इससे पहले शिवम वार्ष्णेय उर्फ माइटी, रुद्र पाठक, वंश दीक्षित, आकाश पौरुष और ललित को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रुद्र पाठक और वंश दीक्षित के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। घटना के सात आरोपियों के जेल जाने के बावजूद मुख्य दो आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मृतक की मां को भरोसा दिलाया कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों को कड़ी सजा दी जाएगी। एसपी ने परिवार को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का भी वादा किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page