
हाथरस 11 अप्रैल । महिला थाना हाथरस में महक पत्नी कृष्ण कुमार ने पति और ससुरालियों पर शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़िता का कहना है कि शादी के चार साल बाद से लगातार उत्पीड़न हो रहा है। महक निवासी ज्ञानगढ़ बगीची इगलास अड्डा हाथरस की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व कृष्ण कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी नगला ब्राह्मण, जलेसर रोड, थाना हाथरस गेट के साथ हुई थी। दंपती का एक तीन वर्ष का बेटा भी है। आरोप है कि पति कृष्ण कुमार आए दिन नशे में उसके साथ मारपीट करता है और मासूम बच्चे के साथ भी दुर्व्यवहार करता है। सास, ससुर और पति तीनों मिलकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। ताने देकर अपमानित किया जाता है। प्रताड़ना से तंग आकर महक पिछले दो महीने से अपने मायके में रह रही है। आरोप है कि इसके बावजूद पति लगातार फोन पर धमकी दे रहा है। कहता है कि यदि वह ससुराल नहीं आई तो आत्महत्या कर लेगा और उसे व पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसा देगा। पीड़िता ने बताया कि इससे पूर्व भी महिला थाना हाथरस में समझौता कराकर उसे ससुराल भेजा गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। पुलिस ने अब शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।






















