
हाथरस 11 अप्रैल । स्थानीय महिला थाने में एक विवाहिता ने अपने पति, ससुर और तीन ननदों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी में 25 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष दिल्ली में फ्लैट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा है। आनंदपुरी कॉलोनी, अलीगढ़ रोड निवासी भानुप्रिया पुत्री भानूपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 15 नवंबर 2024 को रामबाग कॉलोनी, क्वारसी (अलीगढ़) निवासी यशपाल सिंह के साथ हुआ था। भानुप्रिया के पिता ने सामर्थ्य के अनुसार शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें 11.33 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और कार के लिए 10.50 लाख रुपये (ऑनलाइन व नकद) दिए गए थे। इसके अलावा घरेलू उपयोग का सभी कीमती सामान भी उपहार स्वरूप दिया गया था।
दिल्ली में फ्लैट के लिए 50 लाख की मांग
पीड़िता का आरोप है कि पति यशपाल सिंह, जो बीटेक पास है और नई दिल्ली स्थित सीएसआईआर (NPL) में प्रोजेक्ट एसोसिएट के पद पर कार्यरत है, शादी के बाद से ही खुश नहीं था। पति, ससुर और तीनों ननदें कम दहेज का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे। उनकी मांग थी कि दिल्ली में रहने के लिए कम से कम 50 लाख रुपये का एक फ्लैट मायके पक्ष से मिलना चाहिए।
बेटी के जन्म पर भी किया उत्पीड़न
तहरीर के अनुसार, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला यहीं नहीं थमा। गर्भवती होने पर पीड़िता अपने मायके आ गई, जहाँ उसने बेटी आरोही को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने खुश होने के बजाय ताने दिए। बीती 8 जनवरी 2026 को जब पीड़िता के पिता उसे ससुराल छोड़ने गए, तो वहां आरोपियों ने गाली-गलौज कर मारपीट की और 50 लाख रुपये लाए बिना घर में न रखने की धमकी देकर निकाल दिया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति यशपाल सिंह, ससुर और तीनों ननदों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।






















