Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 अप्रैल । शहर के सबसे व्यस्ततम घंटाघर बाजार में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई, जब दो छुट्टा सांड आपस में भिड़ गए। सांडों की इस भीषण जंग के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई और खरीदार अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। लड़ते-लड़ते दोनों सांड इतने उग्र हो गए कि सड़क किनारे स्थित एक दुकान के अंदर तक जा घुसे, जिससे दुकान में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस भिड़ंत के दौरान बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि सांडों की चपेट में आने से कुछ लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक कीटनाशक दवा विक्रेता भी शामिल है। दुकान के अंदर सांडों के घुसने से हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने काफी देर तक सहमे रहने के बाद तब राहत की सांस ली जब दोनों सांड लड़ते हुए बाजार से दूर चले गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाथरस शहर और देहात क्षेत्रों में छुट्टा गोवंशों का आतंक अब एक गंभीर समस्या बन चुका है। व्यस्त बाजारों में इन पशुओं की मौजूदगी न केवल यातायात को बाधित करती है, बल्कि आए दिन होने वाले ऐसे हादसों से लोगों की जान पर भी बन आती है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से इन पशुओं को पकड़वाकर गौशाला भिजवाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page