
हाथरस (मुरसान) 11 अप्रैल । इगलास मार्ग पर गांव रायक के निकट शनिवार को एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। शॉर्ट सर्किट के कारण हुए इस भीषण हादसे में कार सवार दो युवकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई। सूचना पर पहुँची मुरसान पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया, लेकिन फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुँचने से स्थानीय लोगों में रोष दिखा। अलीगढ़ के थाना जवा अंतर्गत नूरपुर बरौली निवासी सुमित पुत्र गौरी शंकर अपने दोस्त आकाश के साथ कार से मुरसान के गांव बर्दवारी जा रहे थे। सुमित अपने बहनोई संजय कौशिक के घर से अपनी बहन को बुलाने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार रायक गांव के पास पहुँची, इंजन से धुआं निकलने लगा। युवकों ने बोनट खोलकर रेत और पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि जैसे ही आग भड़की, दोनों युवक तुरंत कार से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि दमकल विभाग को समय पर सूचना दी गई थी, लेकिन काफी देर तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुँची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






















