
सादाबाद 11 अप्रैल । मथुरा रोड स्थित डीसी पब्लिक स्कूल नौगांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा एक किशोर घायल हो गया। यह घटना 5 अप्रैल को हुई, जिसके बाद अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।मृतक की पहचान मथुरा जिले के बल्देव थाना क्षेत्र के ग्राम रदोई निवासी खजान सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी चाची की तेरहवीं में शामिल होकर सादाबाद लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर गंगानगर कस्बा सादाबाद निवासी प्रमोद कुमार का 15 वर्षीय पुत्र गगन भी था। प्रमोद कुमार द्वारा कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, शाम करीब साढ़े चार बजे जब वे डीसी पब्लिक स्कूल नौगवां के पास पहुंचे, तभी सादाबाद की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि कार चालक लापरवाही से वाहन भगाते हुए खजान सिंह के सिर के ऊपर से कार निकाल ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। स्वजन ने मृतक का अंतिम संस्कार करने के बाद गुरुवार रात को थाना सादाबाद में अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उप निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


























