
हाथरस 11 अप्रैल । विकास खंड मुरसान के ग्राम पटैनी में उस समय हर्ष और गौरव का वातावरण छा गया, जब गाँव की बेटी रश्मि के तहसीलदार पद पर नियुक्त होने के बाद प्रथम आगमन पर ग्रामीणों और शिक्षकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। रश्मि की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। गाँव में आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकगणों ने रश्मि को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि रश्मि की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि रश्मि अपने पद पर रहते हुए समाज के विकास और प्रशासनिक कार्यों में ईमानदारी की मिसाल पेश करेंगी। सम्मान से अभिभूत रश्मि ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही वे इस मुकाम तक पहुँच सकी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जनहित और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगी। कार्यक्रम का समापन रश्मि के भाई गगन राज द्वारा उपस्थित जनों का आभार व्यक्त कर किया गया। इस अवसर पर गौरव पचौरी, राघवेन्द्र गुप्ता, विष्णु राजपूत, अमित शर्मा, जितेंद्र कौशल, पूर्व सभासद सुनील चौबे सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


























